डी.ए.वी. ‘हैप्पी क्लासरूम’ विषय पर एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन

आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल आलमपुर, जिला काँगड़ा, हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा 28 नवंबर, 2026 को अध्यापकों के लिए ‘हैप्पी क्लासरूम’ विषय पर एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विभिन्न विभागों के 60 से अधिक अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं डी.ए.वी. गान के साथ हुआ। कार्यक्रम की संचालिका राशि हाजरी ने अतिथि विशेषज्ञों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यशाला में सीबीएसई के वरिष्ठ रिसोर्स पर्सन श्री मुनीष एवं श्रीमती दीप्ति ने ‘हैप्पी क्लासरूम’ विषय पर अपने विचार साझा किए तथा शिक्षकों को आनंदमय एवं सकारात्मक कक्षा-कक्ष के निर्माण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सकारात्मक व्यवहार, सहानुभूति, आपसी सम्मान एवं जिम्मेदारी जैसे गुणों का विकास करना तथा कक्षा-कक्ष के वातावरण को आनंदमय, तनावमुक्त एवं प्रभावशाली बनाना था। विशेषज्ञों ने रोचक गतिविधियों, समूह चर्चाओं एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि कक्षा को किस प्रकार खुशहाल बनाया जा सकता है।

 

उन्होंने सुझाव दिया कि शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी को समान अवसर एवं प्रोत्साहन दें, उनकी भावनाओं और विचारों को समझें तथा कक्षा में सकारात्मक संवाद, सहयोग और सहभागिता को बढ़ावा दें।

 

इसके अतिरिक्त, खेल-आधारित शिक्षण, रचनात्मक गतिविधियों और प्रशंसा के माध्यम से विद्यार्थियों में सीखने के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास विकसित किया जा सकता है।

 

विशेषज्ञों ने शिक्षकों को नवीन, रचनात्मक एवं अनुभवात्मक शिक्षण विधियों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि अधिगम प्रक्रिया सरल, सहज और रुचिकर बन सके।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने अपने संदेश में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ शिक्षकों के ज्ञान एवं कौशल को समृद्ध करने के साथ-साथ उनके शिक्षण स्तर में गुणात्मक सुधार लाने में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि खुशहाल एवं सकारात्मक कक्षा-कक्ष विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है, जहाँ बच्चे बिना किसी भय के अपने विचार व्यक्त कर सकें और आनंदपूर्वक सीख सकें। उन्होंने सभी शिक्षकों को नवीन शिक्षण पद्धतियों को अपनाने तथा समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर अपने ज्ञान एवं कार्यक्षमता को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

[post-views]