



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मटानी का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आज बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

मटानी विद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत




विद्यालय पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने बड़े उत्साह एवं गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीशा तोमर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा अध्यापकों ने पुष्पमालाएं पहनाकर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।







दीप प्रज्वलन के पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विशेष रूप से विद्यालय की एक होनहार छात्रा द्वारा नशे के विरुद्ध प्रस्तुत स्वरचित कविता समारोह का मुख्य आकर्षण रही।




इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि शिक्षा चाहे अकादमिक क्षेत्र में हो, खेलकूद में हो अथवा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में, जीवन के संघर्षों का सामना करने और सफलता प्राप्त करने में उसका अमूल्य योगदान रहता है।






उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि व्यक्ति के चरित्र निर्माण और उसके भविष्य को संवारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए गुरुओं का आदर एवं सम्मान करना हम सभी का परम कर्तव्य होना चाहिए।


डॉ. वर्मा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी ने प्रदेश के सरकारी शिक्षण संस्थानों को नंबर वन बनाने का सपना देखा है, जिसे साकार करने के लिए हम सभी का सहयोग आवश्यक है। सरकारी विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा प्रदान करना और उन्हें सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध करना इसी सपने को साकार करने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण चरण है।

उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने निजी शिक्षण संस्थानों के समकक्ष सुविधाएं सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध करवाने की चुनौती को स्वीकार किया है। इसी उद्देश्य से सरकारी शिक्षण संस्थानों के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले एक-दो महीनों में सीबीएसई विद्यालयों के लिए लगभग 1200 शिक्षकों की भर्ती की गई है तथा आगामी कुछ महीनों में पांच हजार और शिक्षकों की भर्ती की जा रही है।
डॉ. वर्मा ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे मुख्यमंत्री के इस महत्वाकांक्षी संकल्प में सहयोग दें, ताकि सरकारी शिक्षण संस्थान और अधिक सुदृढ़ हों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने के समान अवसर मिल सकें।

इस अवसर पर विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने अपनी निजी निधि से 11 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसर के लिए दो सोलर लाइटें तथा दो बेंच उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की।

इस अवसर पर किशोरी लाल, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गिरधारी लाल वर्मा, विजय ठाकुर, भागदीन, सेवानिवृत्त उपनिदेशक डॉ. पी.सी. पाठक, रेनू कौशल, गिरधारी लाल शर्मा, सुनील वैद्य, राजकुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक, अध्यापक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।








































