चिट्टे के लिए बेटी ने बेच डाली पिता की कार

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ  :-   हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में नशे का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ एक परिवार को झकझोर दिया है, बल्कि समाज के लिए भी एक चेतावनी बन गया है। चार साल के बच्चे की मां ने अपने पिता की लाखों की कार को महज एक तोला चिट्टा (हेरोइन) के लिए बेच डाला।

नशे में डूबी मां अब फिर लापता, चार साल का बेटा नाना के पास

यह सनसनीखेज मामला 28 जून को हमीरपुर के सदर थाने में दर्ज चोरी के केस से खुला। शुरुआत में आरोपी युवती के पिता ने ही बेटी पर कार चोरी का आरोप लगाया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी युवती और उसका दोस्त, जो हमीरपुर का ही निवासी है, मिलकर कार को जालंधर में 90 हजार रुपये में बेच आए।

 

पुलिस ने दोनों का ड्रग टेस्ट कराया, जिसमें दोनों पॉजिटिव पाए गए। पूछताछ में युवती ने कबूला कि उसने कार बेचकर चिट्टा खरीदा और इसी सौदे के लिए गाड़ी को जालंधर में सौंपा। कार को मैक्लोडगंज से बरामद कर लिया गया है, और उसे खरीदने वाले व्यक्ति को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है।

 

आरोपी युवती की शादी कुछ वर्ष पहले शिमला में हुई थी, लेकिन बेटे के जन्म के बाद वह मायके में ही रह रही थी। पहले भी नादौन पुलिस द्वारा चिट्टे के साथ गिरफ्तार की जा चुकी है, और मामला कोर्ट में लंबित है।

 

रिहाई के बाद जब वह फिर से पिता के घर लौटी, तो दो दिन में ही फिर फरार हो गई। उसके पिता, जो अब चार साल के नाती की परवरिश अकेले कर रहे हैं, बेहद परेशान हैं और बेटी को फिर घर लाने से मना कर चुके हैं।

 

पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने कहा है कि युवती के गायब होने की सूचना परिवार से मिली है और मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है।

[post-views]