




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- भाजपा मंडल शहरी अध्यक्ष श्रीपाल शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस के पूर्व मीडिया प्रभारी अंशुल शर्मा की जितनी उम्र नहीं हुई उससे अधिक समय उन्हें भाजपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हो गया है।



अंशुल शर्मा महज सुर्खियां बटोरने के लिए झूठी बयान बाजी कर रहे हैं। शायद उन्हें यह ज्ञान नहीं होगा कि बस अड्डा हमीरपुर भाजपा सरकार के समय प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल की सरकार ने स्वीकृत किया था।







हमीरपुर विधानसभा के विधायक आशीष शर्मा जब निर्दलीय विधायक थे तो उन्होंने गांधी चौक पर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से इसके काम को पूरा करने को घोषणा करवाई थी। अंशुल शर्मा बताएं कि क्या विकास कार्य हमीरपुर में नया है?




जिस सौंदर्यकरण की बात अंशुल शर्मा कर रहे हैं वह कार्य तत्कालीन नगर परिषद से हुए हैं, जिसका बजट केंद्र सरकार से आया है। जबकि कांग्रेस पार्टी अब अपने नेम प्लेट लगाकर उनका श्रेय खुद ले रही है।

बस अड्डा हमीरपुर का भी राज्यसभा चुनाव के कुछ दिन बाद आनन फाफन में मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया था। इसके निर्माण में भी कई प्रकार की धांधलियां नजर आ रही हैं। जिसका पर्दाफाश जल्द ही भाजपा करेगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वह लगातार भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहे हैं। अंशुल शर्मा हमीरपुर में जिस विकास की बात कर रहे हैं वह बताएं की रानी झांसी की मूर्ति जो हाल ही में लगाई है उसकी क्या दुर्दशा हो गई है?
मृदुल चौक पर शहीद की प्रतिमा का रंग उतर गया एवं वहां उकेरे गए शहीद के नाम व उपलब्धि उखड़ गए हैं। शहीदी स्मारक का निर्माण कार्य क्यों रुका पड़ा है। महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भी रंग उखड़ गया है।
इनमें कितनी धांधली हुई है? हमीरपुर शहर में शौचालय की हालत खस्ता है। हमीरपुर से वाया धनेड और चंडीगढ़ चलने वाली बस बंद कर दी गई है। इसके अलावा बरसात में लोगों की जमीन बहकर चली गई है, लेकिन मृदा संरक्षण विभाग के पास बजट के नाम पर एक रुपया नहीं है।
जिससे लोगों की जमीनों को बहने से बचाया जा सके। डीसी के पास अगर कोई विकास कार्य के लिए फंड लेने के लिए जाएगा तो वहां भी फंड नहीं है। आपदा में जिन 7 लाख रुपए और अन्य सामान को देने की बात वह कर रहे हैं, वह बताएं कि यह किसको दिए गए हैं।
इसकी सूची सार्वजनिक करें। क्योंकि आज भी जो लोग आपदा में अपने मकान को खो चुके हैं वह सरकार से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं। लेकिन यह सरकार केवल मित्रों की झोली भरने में लगी हुई है। शायद जिसका कुछ हिस्सा अंशुल शर्मा को भी मिला हो। प्रदेश के अस्पतालों में हिमकेयर कार्ड बंद है।
जिससे डायलिसिस करवाने वाले गरीब लोगों को भारी भरकम रकम इसके लिए चुकानी पड़ रही है। अस्पतालों में जरूरी दवाई सूची में शामिल दवाइयां नहीं मिल रहीं हैं। अंशुल जिन आकाओं को खुश करने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं, उन्हें धरातल की रिपोर्ट दें।
पूर्व में हुए कार्यों पर अपने नेम प्लेट चिपकाने को विकास नहीं कहते हैं। अंशुल शर्मा बताएं कि पीडब्ल्यूडी और आईपीएच विभाग में ठेकेदारों की पेमेंट तक नहीं हो रही है क्योंकि वह भी खुद भी ठेकेदारी करते हैं। वह बताएं कि नगर परिषद का रेस्ट हाउस क्यों बंद पड़ा है? क्योंकि वहां ठेकेदार की पेमेंट नहीं हुई है।
कांग्रेस सरकार ने महिलाओं को 1500 देने सहित अन्य 10 गारंटी दी थी, बताएं कि कौन सी गारंटी हमीरपुर में पूरी हुई है। जनता इसका जवाब आगामी चुनावों में कांग्रेस को देगी। क्योंकि छल की राजनीति कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता के साथ की है और महज अपने मित्रों की झोली भरने में लगी हुई है।
अंशुल धरातल पर जाएं और स्थिति देखें महज अपने आकाओं की नजरों में चमकने के लिए बयान बाजी न करें। इस अवसर पर उनके साथ शहरी भाजपा मंडल महामंत्री राजेश ठाकुर व तेन सिंह उपस्थित रहे



