शीर्षक: तिरंगा यात्रा में गूंजे वंदे मातरम् के नारे, हमीरपुर की धरती पर लहराया देशभक्ति का ज्वार

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :– स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर इकाई द्वारा आज ऐतिहासिक एवं भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

 

यह यात्रा महाविद्यालय प्रांगण से आरंभ होकर अणु बाजार पहुंच उसके बाद इसका समापन महाविद्यालय परिसर में ही किया गया जहां पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के गगनभेदी नारे लगाए।

इस अवसर पर जिला संयोजक अनिकेत ठाकुर ने कहा कि तिरंगा केवल एक कपड़े का टुकड़ा नहीं है, बल्कि यह भारत के गौरव, सम्मान और बलिदान की पहचान है। यह हमें उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों की याद दिलाता है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर आज़ादी का अमूल्य उपहार हमें दिया।

 

 

उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि राष्ट्रभक्ति की भावना को अपने जीवन में उतार ले, तो भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।

 

इकाई उपाध्यक्ष अलीशा धीमान ने अपने उद्बोधन में कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि यह एक राष्ट्रव्यापी संदेश है कि भारत के युवा अपनी संस्कृति, परंपरा और स्वतंत्रता के मूल्यों को सहेजने के लिए सदैव तत्पर हैं।

 

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे कार्यक्रम युवाओं में अनुशासन, एकता और देशभक्ति की भावना को प्रबल करते हैं। जब हम हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकलते हैं, तो यह पूरे समाज को प्रेरित करता है कि राष्ट्र सर्वोपरि है।

 

यात्रा के दौरान शहर के प्रत्येक कोने में देशभक्ति का वातावरण व्याप्त हो गया। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं तिरंगा हाथ में लिए, देशभक्ति गीतों और नारों के साथ यात्रा का हिस्सा बने। बाजार की गलियों में खड़े लोग भी इस अद्भुत नजारे को देखकर अभिभूत हो उठे और तिरंगा यात्रा का अभिवादन किया।

 

इस यात्रा में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ “शहीदों का सपना, पूरा करेंगे हम”, “राष्ट्र प्रथम – स्वार्थ बाद में” और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” जैसे नारे लगाए। पूरे मार्ग को तिरंगे झंडों, बैनरों और गुब्बारों से सजाया गया था, जिससे वातावरण और भी भव्य हो गया।

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर इकाई ने यह संदेश दिया कि स्वतंत्रता केवल एक दिन मनाने की वस्तु नहीं है, बल्कि यह एक सतत जिम्मेदारी है। तिरंगा यात्रा ने यह सिद्ध किया कि भारत का युवा वर्ग अपने राष्ट्र के सम्मान, अखंडता और प्रगति के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा है।

 

अंत में, सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत व गान राष्ट्रीय गाना के साथ हुआ, जिसने हर हृदय में गौरव और भावुकता की लहर भर दी।

[post-views]