अनुराग ठाकुर द्वारा राहुल गांधी के झूठ का पर्दाफाश करने पर कांग्रेस की बौखलाहट: विकास शर्मा का पलटवार

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-   पूर्व मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने कांग्रेस के “छोटे-मोटे” नेताओं के बेतुके बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि जब केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने राहुल गांधी और विपक्ष के झूठ का तथ्यों के साथ पर्दाफाश किया, तो कांग्रेसियों की बौखलाहट स्वाभाविक है।

विकास शर्मा ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने ठोस तथ्यों और आंकड़ों के साथ राहुल गांधी के भ्रामक बयानों को उजागर किया है। उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता को नसीहत देते हुए कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को राहुल गांधी का चश्मा उतारकर देखना चाहिए, ताकि शिक्षा, सड़क संपर्क, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे में हुए अभूतपूर्व विकास को समझ सकें।

उन्होंने विस्तार से बताया कि अनुराग ठाकुर के प्रयासों से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को केंद्र से कई बड़े प्रोजेक्ट मिले हैं —

हमीरपुर मेडिकल कॉलेज, बिलासपुर में एम्स, ऊना में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, ऊना में बल्क ड्रग पार्क, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, किरतपुर-मनाली फोरलेन, बिलासपुर फोरलेन, मोटर-शिमला-बाईपास, वाया-हमीरपुर फोरलेन, भानुपल्ली रेलवे लाइन, इनके अलावा भी ऐसे अनगिनत कार्य हैं, जिन्हें गिनाने में पूरा दिन लग सकता है।

विकास शर्मा ने कहा कि केवल सरकारी परियोजनाएं ही नहीं, बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी अनुराग ठाकुर का योगदान अतुलनीय है। ‘प्रयास संस्था’ के माध्यम से शुरू की गई मोबाइल हेल्थ सेवा ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लगभग हर गांव में पहुंचकर लाखों लोगों का मुफ्त इलाज किया है। इसके अलावा नेत्र जांच शिविर का आयोजन और सांसद खेल महाकुंभ जैसी पहल — जो आज पूरे देश में लोकप्रिय है — की शुरुआत भी यहीं से हुई थी। इस महाकुंभ की प्रशंसा खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं।

विकास शर्मा ने कहा, “कांग्रेस नेताओं को आलोचना करने से पहले विकास की इस लंबी सूची पर नजर डालनी चाहिए। जनता सब देख रही है और सच्चाई के आईने में झांकने से कांग्रेस बच नहीं सकती।”

[post-views]