बूथ स्तर तक पहुंचेंगे सरकार के विकास चर्चा प्रभारी

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-   हमीरपुर जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्र में सरकार की ओर से नियुक्त किये गए विकास चर्चा प्रभारी इसी माह फील्ड में उतरने जा रहे हैं। पांचों प्रभारियों की शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के साथ मंगलवार शाम को बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने इन्हें विकास पर चर्चा के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। ये प्रभारी जल्दी अपने-अपने प्रभार वाले विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर तक पहुंचेंगे।

हमीरपुर जिला के पांचों प्रभारियों की मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी के साथ हुई बैठक में भोरंज से कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार, नादौन विधानसभा के प्रभारी अजय शर्मा, सुजानपुर के प्रभारी सुमन भारती, भोरंज के प्रभारी राजेश आनंद, बड़सर के प्रभारी बिक्रम शर्मा व हमीरपुर के प्रभारी सुनील कुमार मौजूद रहे। पांचों प्रभारियों को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने प्रभार क्षेत्र में कांग्रेस के हर कार्यकर्ता के साथ संपर्क स्थापित करें। उनसे विकास कार्यों को लेकर फीडबैक लिया जाए। सरकार की योजनाओं को सरकारी विभाग धरातल पर उतार भी रहे हैं या नहीं, यह भी पूछा जाए।

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जरूरी दिशा निर्देश दिए

भोरंज से विधायक सुरेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह जी से बैठक में मार्गदर्शन मिला है। उनकी ओर से दिए गए दिशा-निर्देश के अनुसार पांचों प्रभारी कार्य करेंगे। ये प्रभारी सबसे पहले ब्लॉक स्तर की बैठक करेंगे, उसके बाद बूथ स्तर का रुख किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी के गृह ज़िला हमीरपुर से यह नई शुरुआत की जा रही है। सभी प्रभारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं व जनता की बातें और सुझाव सुनकर उनकी रिपोर्ट सीधे मुख्यमंत्री को सौंपेंगे। कार्यकर्ताओं व जनता से विकास कार्यों पर भी प्रतिक्रिया ली जाएगी।

 

एपीएमसी के चेयरमैन व नादौन के प्रभारी अजय शर्मा और पूर्व जिलाध्यक्ष एवं सुजानपुर के प्रभारी सुमन भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जल्दी फील्ड में कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह जी ने अपने कार्यकाल में अनेक ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की हैं।

 

कांग्रेस की दस गारंटियों में से 6 को सरकार पूरा कर चुकी है। सरकारी योजनाओं से जनता को कितना लाभ पहुंच रहा है इसकी फीडबैक बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं व बूथ की कमेटियों से लिया जाएगा।

[post-views]