




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- भाजपा की वरिष्ठ नेत्री उषा बिरला ने मुख्यमंत्री के सलाहकार सुनील बिट्टू द्वारा अनुराग ठाकुर पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए झूठे आरोपों का सहारा ले रही है, जबकि अनुराग ठाकुर ने प्रदेश विशेषकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए हैं।



अनुराग ठाकुर ने हिमाचल और हमीरपुर के लिए कराए ऐतिहासिक कार्य







उषा बिरला ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने हिमाचल के बुनियादी ढांचे और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक योजनाओं को साकार करवाया। इनमें प्रमुख हैं:




AIIMS बिलासपुर की स्थापना, जिससे हिमाचल को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलीं।
हमीरपुर में रेल परियोजनाओं का विस्तार और राष्ट्रीय राजमार्गों का सुदृढ़ीकरण।


खेल एवं युवा सशक्तिकरण के लिए खेल स्टेडियम और अकादमी की स्थापना, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ प्राप्त हुईं।
डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया के तहत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना।
पेयजल और सिंचाई योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं को लताड़ लगाते हुए कहा कि “जिन्होंने अपने शासनकाल में विकास की बजाय राजनीति की रोटियाँ सेंकने में समय गंवाया, वही आज झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह करना चाहते हैं। मगर हिमाचल की जनता सब देख रही है और सच जानती है कि प्रदेश के विकास में अनुराग ठाकुर का योगदान अभूतपूर्व है।”
उषा बिरला ने कहा कि भाजपा के जनसेवक नेताओं ने कभी व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं देखा, बल्कि जनकल्याण को सर्वोपरि रखकर कार्य किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चाहिए कि वह झूठे आरोपों के बजाय जनता की समस्याओं के समाधान और विकास की राजनीति पर ध्यान दे।




