राहुल गांधी के खुलासे पर युवा कांग्रेस का भाजपा पर हमला, कहा – हरियाणा और बिहार में जनादेश चुराया

शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ :-  कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा हरियाणा में वोट चोरी के आरोप लगाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी ने पत्रकार वार्ता में दावा किया कि भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में 25 लाख से अधिक वोट चोरी किए हैं।

अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व हिमाचल युवा कांग्रेस प्रभारी शेष नारायण ओझा ने मंगलवार को शिमला स्थित राजीव भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला।

 

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो तथ्य सामने रखे हैं, वे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा हैं। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने जनता का जनादेश छीनकर सत्ता पर कब्जा किया है।

ओझा ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी भाजपा सरकार की साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस की जांच में हजारों ऐसे वोट पाए गए जो काल्पनिक मकानों पर दर्ज हैं, वहीं कई मृत व्यक्तियों के नाम सूची में अब भी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के नाम पर कई वोट दर्ज होना चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल है।

उन्होंने चौंकाने वाले उदाहरण देते हुए बताया कि एक ब्राज़ील की मॉडल के नाम पर 22 वोट दर्ज मिले हैं, जबकि एक विधानसभा क्षेत्र में एक ही महिला की 100 तस्वीरें मतदाता सूची में शामिल हैं। एक बूथ पर एक बुजुर्ग महिला के नाम से 223 वोट दर्ज पाए गए, जो असल में अस्तित्व में ही नहीं हैं।

युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी के प्रस्तुत तथ्यों से स्पष्ट है कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से हरियाणा का जनमत चोरी किया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से तुरंत निष्पक्ष जांच की मांग की और घोषणा की कि युवा कांग्रेस 20 नवंबर को राज्यपाल भवन का घेराव करेगी।

इस मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक रजनीश मेहता, हिमाचल युवा कांग्रेस महासचिव रणजीत वर्मा और आर्यन चौहान, मुकुल गुप्ता जी , शिमला युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष कुणाल चौहान भी उपस्थित रहे।