




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- बड़सर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोहडरा के पलेहड़ा गांव में आज विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने गांव में लंबे समय से चली आ रही गंभीर पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करते हुए बहुप्रतीक्षित पेयजल योजना का विधिवत उद्घाटन किया।




इस योजना के पूर्ण होने से पलेहड़ा गांव के सैकड़ों ग्रामीणों को अब स्वच्छ, नियमित एवं पर्याप्त पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।








यह पेयजल योजना विधायक निधि से 3.50 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई है। उद्घाटन अवसर पर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि पलेहड़ा गांव की पेयजल समस्या लंबे समय से उनके संज्ञान में थी और इसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया गया है।





उन्होंने कहा कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता से किसी भी गांव को वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और जनहित से जुड़े कार्यों में संसाधनों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

इसके उपरांत विधायक ने विधायक निधि से निर्मित महिला मंडल पलेहड़ा भवन का भी लोकार्पण किया। विधायक ने कहा कि यह भवन ग्रामीण महिलाओं को एकजुट होकर सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच प्रदान करेगा।



उन्होंने विश्वास जताया कि महिला मंडल भवन के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी विभिन्न समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया।

जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। विधायक ने कहा कि जनसेवा और जनसंवाद ही उनकी कार्यशैली का मूल आधार है।
इस अवसर पर युवा मोर्चा अध्यक्ष पंकज डटवालिया, ग्राम पंचायत कोहडरा के प्रधान रविंद्र कुमार, ग्राम पंचायत क्यारा बाग के प्रधान प्रवेश कुमार, पलेहड़ा विकास कमेटी के प्रधान जय सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त रिखी राम, विशाल ठाकुर, ईश्वर दास, लेखराम, आशा कुमारी, सुनीता कुमारी, रजनी देवी, राजनी देवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, महिला मंडल की सदस्याएं, भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने विधायक द्वारा गांव की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करने पर उनका आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार क्षेत्र के विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
विधायक ने अंत में कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनका संकल्प है और जनता के विश्वास पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।



