कैप्टन डॉ.अक्षित राणा को प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने दिया आशीर्वाद, हमीरपुर के लिए गर्व का क्षण

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हमीरपुर जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर से वर्ष 2025 में एमबीबीएस उत्तीर्ण करने वाले डॉ. अक्षित राणा का चयन भारतीय सेना में कैप्टन पद पर हुआ है।

 

उन्होंने सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाएं (AFMS) की कठिन चयन प्रक्रिया, साक्षात्कार एवं चिकित्सीय परीक्षण सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

 

चयन उपरांत डॉ. अक्षित राणा भारतीय सेना में सैन्य चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे तथा उनकी प्रथम तैनाती सैन्य अस्पताल, जालंधर में होगी।

 

डॉ. अक्षित राणा प्रख्यात वास्तुकार अरुण राणा के पुत्र हैं। उनके दादा जंडल निवासी स्व. कैप्टन प्रकाश चंद राणा स्वयं भी देशसेवा से जुड़े रहे हैं। इस प्रकार सेवा, समर्पण और अनुशासन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए डॉ. अक्षित राणा ने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।

 

आज डॉ. अक्षित राणा ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रो. धूमल ने डॉ. अक्षित राणा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि सेना में चिकित्सक के रूप में सेवा करना न केवल गौरव की बात है, बल्कि यह देश के प्रति सर्वोच्च कर्तव्य निभाने का अवसर भी है।

 

 

उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. अक्षित राणा अपने ज्ञान, अनुशासन और सेवा भाव से भारतीय सेना की गरिमा को और सुदृढ़ करेंगे।

 

डॉ. अक्षित राणा की इस सफलता से परिवार, शिक्षकों एवं क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। स्थानीय लोगों ने उनकी उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।