




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कन्या हमीरपुर में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान (RAA) के अंतर्गत एक दिवसीय विज्ञान एवं गणित आधारित नवाचारी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा एवं रचनात्मक सोच को विकसित करना था।




इस अवसर पर आशीष पल्याल एवं श्रेय गुप्ता, सह-संस्थापक Eco Vigyan Foundation द्वारा विद्यार्थियों को विज्ञान एवं गणित के कई महत्वपूर्ण सिद्धांतों को सरल, रोचक एवं खेल-आधारित विधियों से समझाया गया।








सत्रों में अपशिष्ट प्रबंधन, मौसम से जुड़ी जानकारी, नंबर गेम्स तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के प्रयोग जैसे विषय शामिल रहे। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लिया।





सीखने का वातावरण आनंदमय, सहभागितापूर्ण एवं प्रेरणादायक रहा, जिससे विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और समझ और अधिक गहरी हुई।


सुश्री स्वाति द्वारा पर्यावरण विज्ञान पर विशेष सत्र लिया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास एवं प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मुस्ताक मोहम्मद ने इस प्रकार की कार्यशालाओं को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए आयोजकों की सराहना की।
इस अवसर पर इको क्लब की प्रभारी श्रीमती बिमला एवं विद्यार्थियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के उपरांत कमल किशोर भारती जी, उप-निदेशक स्कूल शिक्षा, हमीरपुर, से उनके कार्यालय में भेंट हुई। उन्होंने इको विज्ञान फाउंडेशन की टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुस्तकों से आगे बढ़कर विज्ञान को समझाने व व्यवहार में लाने का कार्य सराहनीय है।
साथ ही राजेश गौतम, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक, हमीरपुर ने बाकी स्कूलों को भी प्रकृति से जुड़ने और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया। यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई।



