अ. भा. वि. प. द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) हमीरपुर इकाई द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर महिला सशक्तिकरण और खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

 

इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार खेल प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती उर्मिला ठाकुर (पूर्व विधायक एवं समाज सेविका) उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और खेल उनके आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि दिव्या शर्मा (ओलंपियन एवं चेयरमैन, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया – साई, हमीरपुर) तथा आशीष सिंह ठाकुर (जिला वॉलीबॉल संघ कोषाध्यक्ष) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए खेलों में निरंतर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने का संदेश दिया।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले और खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दर्शकों और विद्यार्थियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर कार्यक्रम को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वाटिका सूद (चेयरमैन, सुपर मैग्नेट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स) उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाते हैं तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर रीता शास्त्री (महिला प्रमुख, एनजीओ सर्व जन कल्याण सभा) विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं और उन्होंने भी सभी प्रतिभागियों की सराहना की।

प्रतियोगिता में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज हमीरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेज की टीम उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् हमीरपुर इकाई ने इस सफल आयोजन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

[post-views]