




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भोरंज विधानसभा क्षेत्र के समीरपुर मंडल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान का सफल आयोजन शिव मंदिर, गगेहड़ी में संपन्न हुआ।




इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में मंडल के विभिन्न बूथों और शक्ति केंद्रों से आए कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।






प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, संगठनात्मक संरचना तथा जनसंपर्क के प्रभावी तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।



यह प्रशिक्षण वर्ग 7 मार्च से 16 मार्च 2026 तक देशभर में मंडल स्तर पर चल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत 14 और 15 मार्च को आयोजित किया गया।




इस महाअभियान का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित तथा संगठन के प्रति समर्पित बनाना है।


प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कुल आठ सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना, कार्यकर्ताओं की भूमिका, राष्ट्र निर्माण में भाजपा की भागीदारी, जनसंपर्क की रणनीति तथा डिजिटल माध्यमों के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन के प्रथम सत्र में जिला भाजपा पदाधिकारी चमन ठाकुर ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनकल्याण और सुशासन के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनसे देश के हर वर्ग को लाभ पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित हैं और सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है।
दूसरे सत्र में जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना चौहान ने बूथ प्रबंधन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ स्तर का संगठन है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को सुदृढ़ बनाने, मतदाताओं से निरंतर संवाद बनाए रखने और पार्टी की गतिविधियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ प्रबंधन ही चुनावी सफलता की आधारशिला है।
तीसरे सत्र में संघ विचारक पंकज भारती ने पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और सेवा की भावना से प्रेरित है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज सेवा और संगठन निर्माण के कार्य में सक्रिय रहने का संदेश दिया।
चौथे सत्र में जिला महामंत्री राजेश सहगल ने भाजपा के इतिहास और विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक छोटे से संगठन के रूप में प्रारंभ हुई पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और राष्ट्रवादी विचारधारा के कारण संभव हो पाई है।
पांचवें सत्र को देवराज शर्मा ने संबोधित करते हुए संगठन विस्तार के विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक अपनी विचारधारा और विकास की सोच को पहुंचाना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद बढ़ाकर संगठन को और अधिक व्यापक बनाने का आह्वान किया।
छठे सत्र में जग सिंह ठाकुर और अभिषेक दत्त शर्मा ने सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम जनसंपर्क का अत्यंत प्रभावी साधन बन चुके हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और एआई आधारित तकनीकों का सकारात्मक उपयोग करते हुए संगठन की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को सरल और नमो ऐप के उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया।
दूसरे दिन प्रातः 6 बजे सातवें सत्र के अंतर्गत योग गतिविधियों, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ तथा हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके बाद आयोजित आठवें और समापन सत्र में हमीरपुर जिला प्रभारी अमित ठाकुर ने पार्टी की कार्यपद्धति पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित और विचाराधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने संगठन की कार्यशैली, अनुशासन और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति है और उसके प्रयासों से ही संगठन का विस्तार संभव होता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनसंपर्क को मजबूत करते हुए पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
वक्ताओं ने अपने संबोधनों में दीनदयाल उपाध्याय की एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित भाजपा की विचारधारा को अपनाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए संगठन को मजबूत करने के विषय में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही कार्यकर्ताओं को यह संदेश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
अंत में जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और टीम भावना को विकसित करते हैं तथा संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जो अपने कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रशिक्षण और वैचारिक विकास पर विशेष ध्यान देता है।




