




नई-दिल्ली/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की पहल पर टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से टीबी मुक्त भारत–टीबी हारेगा, देश जीतेगा अभियान के अंतर्गत रविवार को दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में सांसदों और दिल्ली पुलिस अधिकारियों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच आयोजित किया गया।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सांसदों और दिल्ली पुलिस के बीच मैत्री क्रिकेट मैच आयोजित

सांसदों की टीम की कप्तानी अनुराग सिंह ठाकुर ने की जबकि दिल्ली पुलिस टीम का नेतृत्व कमिश्नर सतीश गोलचा ने किया।

रोमांचक मुकाबले में दिल्ली पुलिस की टीम ने सांसदों की टीम को 12 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली पुलिस ने 20 ओवर में 225 रन बनाए।
जवाब में अनुराग सिंह ठाकुर की 52 रनों की शानदार पारी के बावजूद सांसदों की टीम 212 रन पर सिमट गई। इस मैत्री मैच का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर किया गया।

इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि टीबी मुक्त भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है और इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी है जिससे हर वर्ष लाखों लोग प्रभावित होते हैं, इसलिए समाज के हर वर्ग को इसके प्रति जागरूक होना आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से टीबी हारेगा, देश जीतेगा पहल के तहत देश के विभिन्न शहरों में मैत्री क्रिकेट मैच आयोजित किए जा रहे हैं और आगे भी देश के कोने-कोने में ऐसे आयोजन किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भले ही मैच में जीत-हार होती है, लेकिन असली लड़ाई टीबी के खिलाफ है और इसी उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत की संसद 140 करोड़ देशवासियों का प्रतिनिधित्व करती है और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे समाज को सकारात्मक दिशा दें।
उन्होंने कहा कि 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में सांसदों और पुलिस अधिकारियों के बीच आयोजित यह मैत्री मैच जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने इस पहल के लिए अनुराग सिंह ठाकुर तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी सांसदों और पुलिस अधिकारियों की सराहना की।
मैच के समापन पर खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए बीसीसीआई उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि टीबी के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित यह पहल दूरदर्शी और प्रभावी है।
उन्होंने कहा कि नेताओं और पुलिस अधिकारियों का एक मंच पर आकर समाज के लिए सकारात्मक संदेश देना सराहनीय है।
सीसीआई अध्यक्ष व वरिष्ठ सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज में यह संदेश देना है कि देश को टीबी मुक्त बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है और इसी लक्ष्य को लेकर यह प्रयास किया जा रहा है।



















