




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- महिलाएं सभ्यता की वाहक और मानव संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। वे समाज का प्रथम और सर्वाधिक मजबूत स्तंभ हैं। महिलाओं के बिना परिवार, समाज, राष्ट्र अथवा वैश्विक जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।




वे परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला और प्रेरणा हैं। इस मौलिक दृष्टि से प्रत्येक दिवस महिला दिवस ही है। जहां तक अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को मनाने का प्रश्न है, यह दिवस मानव समाज के प्रति उनकी सेवा, निष्ठा, त्याग और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।






यह दिवस केवल उत्सव मात्र न होकर महिलाओं के सम्मान और समानता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उक्त विचार ग्राम पंचायत कंजयाण के अंतर्गत गांव धरयाडा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सीडीपीओ टौणी देवी एवं बाल संरक्षण अधिकारी हमीरपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित खंड स्तरीय समारोह में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने जनसमुदाय से रूबरू होते हुए व्यक्त किये।





उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के आयोजन का उद्देश्य जनमानस को महिला अधिकारों, समानता और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना है।



महिलाएं अपनी शिक्षा, सेवा, संकल्प शक्ति, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की वाहक बन रही हैं। वे अपनी मेहनत साहस और संकल्प से हर क्षेत्र में नई गाथाएं लिख रही हैं।

अत: आज हमारा यह नैतिक दायित्व बन जाता है कि हम नारी सम्मान, सुरक्षा और समान अवसरों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लें।


इस अवसर पर प्रत्येक ग्राम पंचायत से विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली 6 चैंपियन बेटियों, 1 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में अनन्य उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं सहित लगभग 150 महिलाओं को सम्मानित किया गया।


प्रत्येक चैंपियन बेटी को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, प्रेरक पुस्तक एवं नाम पट्टिका जबकि महिलाओं को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर उनके कार्यों के प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त की गई।

इससे पूर्व सीडीपीओ टौणी देवी कुलदीप सिंह चौहान ने आए हुए मेहमानों का स्वागत करते हुए उन्हें महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं के कल्याण एवं शक्तिकरण हेतु किये जा रहे प्रयासों और सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा संचालित लगभग सभी योजनाओं में विकासखंड बमसन न केवल प्रदेश अपितु पूरे देश में अग्रणी है।

उन्होंने इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा आपदा राहत कोष में दिए गए₹25000 का चेक भी माननीय विधायक को इस अवसर पर भेंट किया।

इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से उपनिदेशक कृषि राकेश कुमार के नेतृत्व में उपस्थित सभी बेटियों महिलाओं एवं जनमानस को पौधा भेंट कर कृषि, वानिकी एवं पर्यावरण संरक्षण में उनके महती योगदान का धन्यवाद कर खाद्य सुरक्षा में उनके और सक्रिय योगदान का आह्वान किया।

समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया।





