




चंडीगढ़/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने पंजाब यूनिवर्सिटी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में आयोजित झंकार – द प्रेसिडेंशियल फेस्ट में भाग लिया।




इस अवसर पर उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान युवा साथियों का उत्साहवर्धन किया और उनसे संवाद करते हुए भारतीय लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।







लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहें युवा: अनुराग सिंह ठाकुर





अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड भारत माता के सप्तसिंधु हैं। गिद्दा, भांगड़ा, नाटी, उत्तराखंड का छोलिया और पांडव नृत्य सभी इस समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा हैं।

भारत की शक्ति उसकी विविध संस्कृति और परंपराओं में निहित है। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और उन्हें देश की सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।


उन्होंने कहा कि संस्कृति, राजनीति और संसदीय परंपराओं में युवाओं का आपसी संवाद एक सकारात्मक संकेत है और विकसित भारत का लक्ष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि एक लाख योग्य युवाओं को देश की सक्रिय राजनीति में लाया जाए। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे इस लक्ष्य का हिस्सा बनें क्योंकि उनके पास विजन, मिशन और समर्पण है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल के युवाओं के लिए युवा चेंजमेकर नाम से लीडरशिप और फेलोशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिसमें अब तक दस हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं।
चयनित युवाओं को नेतृत्व की विशेष प्रशिक्षण दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल हिमाचल के विकास के बड़े लक्ष्य का हिस्सा है, जिससे प्रदेश के युवा विकास की दिशा तय करने में अग्रणी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के दौरान हिमाचली संस्कृति को दर्शाने वाली विभिन्न पारंपरिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इनमें हिमाचली नाटी, सिरमौरी नाटी, किन्नौरी नाटी के साथ लद्दाखी और मणिपुरी नृत्य शामिल रहे। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और लोक धुनों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
इस अवसर पर धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन एबीवीपी और पंजाब विश्वविद्यालय कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल के सहयोग से किया गया।



