




हमीरपुर:- नागरिकों में डिमेंशिया एवं अन्य मनोरोगों की जांच के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वीरवार को ग्राम पंचायत काले अंब में एक शिविर आयोजित किया।

इस शिविर में डॉ राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज हमीरपुर के मनोरोग विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ संदीप कुमार ने वृद्धजनों की जांच की।









इस दौरान 8 बुजुर्गों में डिमेंशिया, एक बुजुर्ग में पार्किंसंस और 2 बुजुर्गों में डिप्रेशन के लक्षण पाये गये। इस शिविर में चिन्हित व्यक्तियों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं दवाईयां लिखी गईं।



डॉ संदीप कुमार ने उपस्थित जनसमूह को डिमेंशिया के प्रारंभिक लक्षणों एवं इसके कारणों, बचाव के उपायों एवं उपचार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।



उन्होंने बताया कि डिमेंशिया में व्यक्ति की यादाश्त कमजोर हो जाती है। शुरूआत में ही यदि इसकी रोकथाम कर ली जाती है तो इसका ईलाज संभव है, अन्यथा यह गंभीर बीमारी पार्किंसंस का रूप धारण कर लेती है।



इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं, विशेषकर, अटल वयो अभ्युदय योजना, वरिष्ठ नागरिकों के लिए एकीकृत कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उन्होंने कहा कि विभाग वृद्धजनों के कल्याण के लिए पूर्ण रूप से समर्पित है तथा विभाग का भरसक प्रयास रहता है कि सभी पात्र लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलता रहे।

जिला कल्याण अधिकारी ने 90 वर्ष से अधिक आयु के 7 वरिष्ठ नागरिकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में पूर्व पंचायत प्रधान निर्मला डोगरा, डॉ आरसी डोगरा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।



