




नादौन/हमीरपुर:- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने रविवार को ग्राम पंचायत गोईस में वृद्धजनों हेतु राष्ट्रीय कार्य योजना के तहत ‘इंटर जनरेशनल बॉंडिंग’ यानि अंतर-पीढ़ीगत संबंध विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया।
गोईस में वरिष्ठ नागरिकों के साथ किया संवाद, योजनाओं की दी जानकारी




इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने कहा कि इसका उद्देश्य वरिष्ठ एवं युवा पीढ़ी के मध्य संवाद, समझ एवं पारस्परिक सम्मान को बढ़ावा देना तथा पीढ़ीगत अंतर को कम करना है।





जिला कल्याण अधिकारी ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों और अन्य लोगों को अटल वयो अभ्युदय योजना, वरिष्ठ नागरिकों के लिए एकीकृत कार्यकम एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना और कई अन्य योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। चमन लाल शर्मा ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए कृत संकल्प है।


उन्होंने युवाओं से बड़े बुजुर्गों के अनुभवों से सीखने एवं उनके प्रति सम्मान व सेवाभाव बनाये रखने का अनुरोध किया।


स्वयंसेवी संस्था सोसाइटी फॉर एनवायरमेंटल एंड रूरल अवेकनिंग” की प्रतिनिधि डॉ दीक्षा डोगरा ने कहा कि वृद्धजनों और युवाओं को एक दूसरे की भावनाओं को समझना चाहिए, जिससे अंतर-पीढ़ी दूरी को कम किया जा सकता है। युवाओं को बुजुर्गों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय व्यतीत करना चाहिए ताकि बुजुर्ग अकेलापन महसूस न करें और युवा अनके अनुभवों से कुछ सीख सकें। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत आयुष अधिकरी डॉ कमल किशोर ने बुजुर्गों को उम्र के इस पड़ाव में स्वस्थ रहने के उपायों एवं सावधानियों की जानकारी दी।


सेवानिवृत कैप्टन पीसी शर्मा ने भी इस विषय पर अपने विचार रखे। कार्यकम में तहसील कल्याण अधिकारी सरोज कुमारी, जिला कल्याण कार्यालय अधीक्षक अनिल ठाकुर, संजय डोगरा, पूर्व उपप्रधान संजीव कुमार, बालक राम और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी उपस्थित रहे।





