206 लड़कियों ने लगवाया एचपीवी वैक्सीन का टीका 

प्रेस विज्ञप्ति 143

हमीरपुर:- सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय की ग्रीवा का कैंसर) से बचाव हेतु रविवार को आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत रविवार को जिला हमीरपुर के सभी 6 स्वास्थ्य खंडों में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की 206 लड़कियों ने यह टीका लगवाया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रवीण चौधरी और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय अत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत जिला के 32 अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए थे। स्वास्थ्य खंड बड़सर में 44 लड़कियों का टीकाकरण किया गया। इसी प्रकार, स्वास्थ्य खंड टौणी देवी में 43, भोरंज 29, सुजानपुर 21, नादौन 16 और स्वास्थ्य खंड गलोड़ में 53 लड़कियों ने टीके लगवाए।

डॉ प्रवीण चौधरी और डॉ अजय अत्री ने बताया कि टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिला में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लगभग 4338 लड़कियों को यूं-विन वेब पोर्टल पर पंजीकृत किया है। इन लड़कियों का टीकाकरण छुट्टी वाले दिन ही निर्धारित किया है, ताकि वे अपने अभिभावकों के साथ टीकाकरण केंद्रों में पहुंच सकें।

जिला के सभी 32 टीकाकरण केंद्रों पर 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को भी सुबह 10 से दोपहर बाद 3 बजे तक टीके लगाए जाएंगे। छूटी लड़कियों के लिए 19 अप्रैल, 10 मई, 24 मई और 21 जून को भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की सभी लड़कियों और उनके अभिभावकों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि यह टीका काफी महंगा होता है, लेकिन सरकार इसे निशुल्क मुहैया करवा रही है। इस अभियान से पहले कई जागरुक माता-पिता हजारों रुपए खर्च करके अपनी लड़कियों को यह टीका लगवा रहे थे, लेकिन अब यह टीका सरकार द्वारा मुफ्त लगाया जा रहा है।

[post-views]