हिम अकादमी स्कूल में बैसाखी, हिमाचल दिवस व डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में बैसाखी, हिमाचल दिवस तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

 

इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने बैसाखी के महत्व, हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

 

विद्यार्थियों ने भाषण, कविता, गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बैसाखी के अवसर पर पंजाब और हिमाचल की लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों ने वातावरण को रंगीन बना दिया।

 

वहीं हिमाचल दिवस पर विद्यार्थियों ने प्रदेश की परंपराओं और विरासत को दर्शाते हुए शानदार प्रस्तुतियां दीं। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर उनके विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान को विशेष रूप से याद किया गया।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत बालवाटिका एक, दो तथा तीन के विद्यार्थियों ने भी विशेष उत्साह के साथ भाग लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चे हिमाचल दिवस एवं बैसाखी के उपलक्ष्य पर पारंपरिक वेशभूषा पहनकर आए तथा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।

 

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती पूजा शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ एक रोचक बौद्धिक प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किया, जिसमें इन सभी अवसरों से संबंधित प्रश्न पूछे गए और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या इंजीनियर श नैना लखनपाल ने विद्यार्थियों को इन महत्वपूर्ण दिनों के महत्व के बारे में बताया तथा उन्हें महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षकों के मार्गदर्शन में हुआ और पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन एवं देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

 

[post-views]