




घुमारवीं/बिलासपुर:- बस स्टैंड पर चप्पलों से पिटाई: महिला-कंडक्टर विवाद में पुरानी रंजिश का अंदेशा, रिश्तेदारी का भी खुलासा
जिला बिलासपुर के घुमारवीं बस स्टैंड से सामने आई कंडक्टर की चप्पलों से पिटाई की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती तौर पर जहां मामला कथित तौर पर महिला की गरिमा से जुड़ी टिप्पणी को लेकर सामने आया था, वहीं अब सूत्रों से मिली जानकारी इस पूरे घटनाक्रम को अलग दिशा में ले जा रही है।




सूत्रों के अनुसार संबंधित महिला का पति भी कंडक्टर है और उसी ट्रांसपोर्ट फर्म में कार्यरत बताया जा रहा है, जिसमें पीड़ित कंडक्टर काम करता है।







बताया जा रहा है कि महिला का पति और वह कंडक्टर, जिसके साथ विवाद हुआ, दोनों करीब 25 साल से एक ही ट्रांसपोर्ट फर्म में कार्यरत हैं। इसके अलावा यह भी जानकारी सामने आई है कि दोनों पक्ष एक ही गांव के रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं।


मामले को लेकर अब यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से आपसी विवाद हो सकता है, जिसके चलते यह घटना हुई। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी।


यह मामला अब केवल महिला सुरक्षा या कथित टिप्पणी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि आपसी रंजिश और निजी विवाद के एंगल से भी देखा जा रहा है। ऐसे में घटना के वायरल वीडियो के आधार पर किसी एक पक्ष के पक्ष या विपक्ष में निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी हो सकता है।
पुलिस से अपेक्षा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी पहलुओं को सामने लाया जाए, ताकि सच्चाई स्पष्ट हो सके और उसी आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।






