‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ कार्यक्रम का आयोजन: कमलेश कुमारी

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भोरंज की पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा कमलेश कुमारी ने प्रेस को जारी व्यान में बताया कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र के माता अवाहदेवी सभागार में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पदयात्रा भी की गई।

 

महिलाओं को सशक्त बनाने का मोदी सरकार का ऐतिहासिक कदम: कमलेश कुमारी

कमलेश कुमारी ने कहा केंद्र सरकार द्वारा पारित ऐतिहासिक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से आज पूरे प्रदेश की महिलाओं में खुशी की लहर है। वर्षों से लंबित इस सम्मान को पाकर मातृशक्ति स्वयं को गौरवान्वित और सशक्त महसूस कर रही है। यह अधिनियम केवल कानून नहीं, बल्कि महिलाओं के राजनैतिक उत्थान का नया सूर्योदय है।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एडवोकेट रेखा शर्मा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए अधिनियम के तकनीकी और संवैधानिक पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 106वां संविधान संशोधन (2023) के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

 

 

इस व्यवस्था को लागू करने के लिए संविधान में मुख्य रूप से अनुच्छेद 330A लोकसभा हेतु और अनुच्छेद 332A विधानसभाओं हेतु जोड़े गए हैं। वहीं, अनुच्छेद 334A के तहत आरक्षण लागू करने की पूरी प्रक्रिया निर्धारित की गई है।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सुशीला शर्मा सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर, हायर एजुकेशन एवं सेवा सह-प्रमुख, राष्ट्रीय सेविका समिति ने भारतीय संस्कृति में नारी की दृढ़ शक्ति पर जोर दिया।

 

 

उन्होंने सावित्री और सत्यवान की कथा का उल्लेख करते हुए बताया जब सत्यवान के प्राण पखेरू उड़ गए और यमराज उनके प्राण लेकर जाने लगे, तो पतिव्रता सावित्री ने हार नहीं मानी।

 

 

वह यमराज के पीछे-पीछे चल पड़ीं। अपनी बुद्धिमत्ता, तर्कशक्ति और अडिग संकल्प से उन्होंने न केवल यमराज को प्रभावित किया, बल्कि उनसे अपने ससुर की आंखों की रोशनी, खोया हुआ राज्य और अंततः सत्यवान के जीवन का वरदान प्राप्त किया। यह कथा सिद्ध करती है कि भारतीय नारी अपने संकल्प से असंभव को भी संभव बना सकती है।

 

कमलेश कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि राजा राममोहन राय, स्वामी दयानंद सरस्वती और फुले दंपति जैसे समाज सुधारकों ने जिस सशक्त महिला समाज की कल्पना की थी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार किया है।

 

उन्होंने अहिल्याबाई होलकर, रानी दुर्गावती और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत का इतिहास नारी के शौर्य और त्याग से भरा पड़ा है।

 

उन्होंने आगे कहा, “देश की महिलाएं अंतिम सांस तक भारतीय जनता पार्टी और मोदी जी के साथ खड़ी रहेंगी ।

 

आदर्शनी वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष वंदना गुजरिया ने महिला हितैषी नीतियों के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। अंत में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।

 

 

 

 

[post-views]