




नई-दिल्ली/विवेकानंद वशिष्ठ:- लोकसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्वाइंट ऑफ ऑर्डर के माध्यम से विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा सदन के नियमों के कथित उल्लंघन का मुद्दा उठाया।

अनुराग सिंह ठाकुर ने सदन की कार्यवाही के दौरान नियमों का हवाला देते हुए कहा कि लोकसभा की कार्यप्रणाली और कार्य संचालन के नियमों के अनुसार, विशेष रूप से नियम 349 (xvii) में स्पष्ट उल्लेख है कि कोई भी सदस्य अपने भाषण के तुरंत बाद सदन को नहीं छोड़ सकता।










इसके बावजूद राहुल गांधी द्वारा अपने भाषण के तुरंत पश्चात सदन से प्रस्थान किया गया, जो स्थापित संसदीय परंपराओं और नियमों के विपरीत है।




उन्होंने इस विषय पर पीठासीन अधिकारी का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि सदन की गरिमा और अनुशासन बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन न केवल संसदीय मर्यादा का प्रश्न है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती से भी जुड़ा हुआ है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने आग्रह किया कि इस मामले का संज्ञान लिया जाए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सदन के प्रत्येक सदस्य को नियमों और परंपराओं का पालन करना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।






