




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर के विद्यार्थियों ने हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में शानदार लोक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।








विद्यार्थियों ने पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा में अपनी प्रस्तुति (झमाकड़ा नृत्य) देकर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। उनके बेहतरीन तालमेल, ऊर्जा और भाव-भंगिमाओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा उपस्थित अतिथियों से भरपूर सराहना प्राप्त की।






कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों ने भाग लिया, लेकिन हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर की प्रस्तुति अपनी सजीवता, अनुशासन और उत्कृष्ट समन्वय के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र रही।


विद्यालय में इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा एवं विद्यालय मुख्याध्यापिका कंचन लखनपाल ने विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस उपलब्धि में संगीत एवं नृत्य विभाग के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा, जिनमें श्री आकाश अटवाल ,श्रीमती हिमानी, श्री मनोज ठाकुर, श्रीमती शैलजा तथा श्री मनिल का मार्गदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रस्तुतियाँ न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारती हैं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति से भी जोड़ती हैं। यह प्रस्तुति सभी के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक अनुभव सिद्ध हुई।



