कांग्रेस व उसके सहयोगी दल नारी शक्ति के विरोध में: अनुराग सिंह ठाकुर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच रखने का आरोप लगाते हुए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
उन्होंने संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने वाले संवैधानिक संशोधन विधेयक का विरोध किए जाने को महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय बताया।
महिला आरक्षण विधेयक का विरोध आधी आबादी के अधिकारों से वंचित करने के समान: अनुराग सिंह ठाकुर
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि देश ने एक बार फिर देख लिया है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल नारी शक्ति के सशक्तिकरण के खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक का विरोध करना यह दर्शाता है कि विपक्ष महिलाओं को उनके अधिकार देने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के कदमों का जवाब देश की महिलाएं स्वयं लोकतांत्रिक तरीके से देंगी।
उन्होंने आगे कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाएं सड़कों पर उतरकर कांग्रेस और विपक्षी दलों से सवाल कर रही हैं कि उनके अधिकारों को क्यों रोका गया।
 उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रतिबद्ध रही है और इसी दिशा में महिला आरक्षण के लिए ऐतिहासिक संवैधानिक संशोधन लाया गया। इसके बावजूद कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा समर्थन न देने के कारण यह विधेयक आवश्यक बहुमत प्राप्त नहीं कर सका।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसका इतिहास महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस निर्णय लेने से पीछे हटने का रहा है। उन्होंने कहा कि शाह बानो प्रकरण, तीन तलाक समाप्ति का विषय या वर्तमान महिला आरक्षण विधेयक—हर बार कांग्रेस ने महिलाओं के हितों के प्रति असंगत रुख अपनाया है।
[post-views]