“अर्थ डे 2026 पर हिम अकादमी स्कूल में गूँजा प्रकृति संरक्षण का संदेश”

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- Earth Day के पावन अवसर पर हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” विषय के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विविध आकर्षक, रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया।

 

विद्यालय का वातावरण उत्साह, सृजनात्मकता और प्रकृति प्रेम से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

किंडरगार्टन और बालवाटिका के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने प्रकृति भ्रमण के माध्यम से प्रकृति के प्रति अपने लगाव को दर्शाया तथा गिरे हुए पत्तों से सुंदर पत्ती कोलाज बनाकर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया।

 

कक्षा पहली और दूसरी के विद्यार्थियों ने भी नीले रंग की वेशभूषा धारण कर “नीली धरती” के संरक्षण का संदेश दिया, जिससे पूरा परिसर मनमोहक बन गया। कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों ने “कविता वाचन” के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।

 

कक्षा छठी के छात्रों ने अंतर-गृह पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सशक्त संदेश प्रस्तुत किए। वहीं कक्षा 7वीं के छात्रों ने अर्थ डे की थीम “पुराने कपड़ों का पुनः उपयोग” के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय सासन में जाकर प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को उपयोगी उपहार भेंट किए तथा उन्हें पुनर्चक्रण के महत्व के प्रति जागरूक किया।

 

 

कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया, जबकि अन्य छात्रों ने स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों ने अंतर-गृह विषय आधारित रंगोली बनाकर “प्रकृति बचाओ” का संदेश दिया। वहीं कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने “पृथ्वी जीवन बचाती है” विषय पर प्रभावशाली पोस्टर बनाकर पर्यावरण के प्रति अपनी गंभीर सोच को प्रस्तुत किया।

 

 

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने पृथ्वी को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। अंत में इस सफल आयोजन के लिए एक्टिविटी इंचार्ज गरिमा शर्मा एवं ज्योति ठाकुर, इवेंट मैनेजर सीमा ठाकुर, आर्यन, अनुकूल, संदीप, सुषमा, आकर्ष शर्मा तथा सभी विज्ञान अध्यापकों के सहयोग की सराहना की गई, जिनके समर्पण एवं प्रयासों से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

 

 

यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और जागरूकता विकसित करने में भी अत्यंत सहायक सिद्ध हुआ।

 

 

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर द्वारा किया गया यह प्रयास निश्चित रूप से एक हरित एवं स्वच्छ भविष्य की दिशा में प्रेरणादायक कदम है।

 

 

 

[post-views]