




बिलासपुर:- विदेश में बेहतर नौकरी और मोटी सैलरी का सपना दिखाकर ठगी करने का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार ठगी का शिकार बने हैं बिलासपुर जिला के रहने वाले राकेश कुमार, जिनसे नॉर्वे में नौकरी दिलाने के नाम पर 12 लाख 70 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि हड़प ली गई।

पुलिस थाना बल्ह के अंतर्गत दर्ज शिकायत में राकेश कुमार पुत्र बृजलाल, निवासी गांव व डाकघर बैरी रजादियां, तहसील सदर जिला बिलासपुर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, गुरुदेव पुत्र परश राम, निवासी गांव व डाकघर रत्ती, जिला मंडी ने उसे नॉर्वे में 4600 डॉलर मासिक वेतन वाली नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
आरोपी ने भरोसा जीतकर अलग-अलग चरणों में पीड़ित से कुल 12.70 लाख रुपये की रकम वसूल ली, लेकिन न तो विदेश भेजा गया और न ही पैसे वापस किए गए। लंबे समय तक इंतजार और बार-बार संपर्क के बावजूद जब कोई परिणाम नहीं मिला, तो पीड़ित ने आखिरकार पुलिस का दरवाजा खटखटाया।


पुलिस थाना बल्ह ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।







यह मामला एक बार फिर विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर चल रहे ठगी के नेटवर्क पर सवाल खड़े करता है।









