पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक विजय राष्ट्रवाद और जनविश्वास की जीत: प्रो. प्रेम कुमार धूमल

 हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की शानदार विजय पर देशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बढ़ते जनविश्वास, राष्ट्रवादी सोच और भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है।

प्रो. धूमल ने कहा कि विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिस साहस, समर्पण और संघर्ष का परिचय दिया है, वह पूरे देश के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि ममता सरकार के शासनकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगातार अत्याचार, हिंसा, धमकियां और राजनीतिक प्रताड़ना की घटनाएं सामने आती रहीं, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने अपना हौसला, जज्बा और लोकतंत्र में विश्वास कमजोर नहीं पड़ने दिया। यही समर्पण आज ऐतिहासिक विजय का आधार बना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में केवल चुनाव नहीं जीता, बल्कि वहां की जनता के मन में परिवर्तन और विकास की नई उम्मीद जगाई है। वर्षों से तुष्टिकरण, हिंसा और भ्रष्टाचार की राजनीति से परेशान जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश देकर यह संदेश दिया है कि देश अब विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति चाहता है।

प्रो. धूमल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतिक चुनावी योजना, संगठनात्मक मजबूती और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन ने इस विजय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पश्चिम बंगाल के स्थानीय नेतृत्व ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत कर कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरा, जिसके परिणामस्वरूप पार्टी को यह ऐतिहासिक सफलता मिली।

 

उन्होंने कहा कि असम और पुडुचेरी में भी जनता ने भाजपा की विकासवादी नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यों पर विश्वास जताया है। यह परिणाम स्पष्ट करते हैं कि देश की जनता अब जातिवाद, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित और विकास को प्राथमिकता दे रही है।

 

प्रो. धूमल ने कहा कि भाजपा की यह विजय केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता की आस्था और राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत है। उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा आगे भी जनता की सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करती रहेगी।

 

 

 

सनातन विरोधी सोच को जनता ने नकारा : राकेश ठाकुर

भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अपनी पूरी जिला टीम के साथ पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की विजय पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम देश की जनता की स्पष्ट सोच और राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति बढ़ते समर्थन को दर्शाते हैं।

 

राकेश ठाकुर ने कहा कि जनता ने उन राजनीतिक दलों और नेताओं को करारा जवाब दिया है जो लगातार हिंदू आस्था, सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं पर प्रहार करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में जनता ने एंटी-हिंदू और एंटी-सनातन सोच को पूरी तरह नकार दिया है।

 

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में भी जनता ने उन दलों को समर्थन नहीं दिया जिनके नेताओं ने सनातन धर्म की तुलना मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों से करने जैसी दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणियां की थीं। देश की जनता अब ऐसे बयान देने वालों को पहचान चुकी है और लोकतांत्रिक तरीके से उन्हें जवाब दे रही है।

 

राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा आज केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक गौरव और विकास की भावना का प्रतीक बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए जो कार्य हुए हैं, उसी का परिणाम इन चुनावों में देखने को मिला है।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक अथक परिश्रम किया और जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाया। इसी मेहनत और संगठनात्मक शक्ति के कारण भाजपा को यह ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है।

 

 

[post-views]