




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक और शानदार जीत की खुशी में भोरंज विधानसभा क्षेत्र के जाहु में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य विजय उत्सव मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े, ढोल की थाप पर भांगड़ा किया और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर जीत की बधाई दी।
जाहु में कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई और जलाए पटाखे



इस विजय रैली का नेतृत्व करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं भोरंज की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और कर्मठ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को दिया।





पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी के ‘गुंडाराज’ और तुष्टिकरण की राजनीति को नकार दिया है। वहां लोकतंत्र की जीत हुई है और विकास का नया युग शुरू हुआ है।


कमलेश कुमारी ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार भी पश्चिम बंगाल की ममता सरकार की तर्ज पर तानाशाही और जनविरोधी नीतियों पर चल रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में हिमाचल से भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा और प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ ‘भगवा’ लहराएगा।


उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के कार्यकर्ताओं के साहस की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी हमारे कार्यकर्ताओं ने जो संघर्ष किया, उसी का परिणाम है कि आज देश में राष्ट्रवाद की जीत हुई है।


इस अवसर पर स्थानीय भाजपा मंडल के पदाधिकारी, महिला मोर्चा की सदस्य और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारों से पूरे जाहु क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।








