जापान में अध्ययन का सुनहरा अवसर, आकृति राणा ने एशिया काकेशाशी छात्रवृत्ति में बनाई जगह: हिम अकादमी

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा आकृति राणा का चयन प्रतिष्ठित एशिया काकेशाशी प्रोजेक्ट 2026 के अंतर्गत हुआ है।

 

यह एक पूर्णतः वित्तपोषित (फुली फंडेड) अंतरराष्ट्रीय छात्रवृत्ति कार्यक्रम है, जिसका संचालन AFS इंटरकल्चरल प्रोग्राम्स के तहत किया जाता है, जो विश्वभर में सांस्कृतिक समझ और वैश्विक नागरिकता को बढ़ावा देने के लिए प्रसिद्ध है।

इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत आकृति राणा अगस्त से दिसंबर 2026 तक पाँच महीनों के लिए जापान जाएँगी, जहाँ वे अपनी शिक्षा जारी रखने के साथ-साथ वहाँ की संस्कृति, शिक्षा प्रणाली और दैनिक जीवन को निकट से अनुभव करेंगी।

 

इस दौरान वे भारत की संस्कृति और परंपराओं का भी प्रतिनिधित्व करेंगी। आकृति की यह उपलब्धि विद्यालय, शिक्षकों और उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण है। यह उनकी मेहनत, शैक्षणिक उत्कृष्टता और प्रभावशाली व्यक्तित्व का प्रमाण है।

 

उनका चयन यह दर्शाता है कि विद्यार्थियों के लिए वैश्विक अवसर कितने महत्वपूर्ण हैं। विद्यालय प्रबंधन ने आकृति राणा और उनके अभिभावकों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

 

विद्यालय ने विश्वास जताया कि आकृति इस अंतरराष्ट्रीय यात्रा में नए आयाम स्थापित करेंगी और देश व विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।

 

[post-views]