




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भोटा नगर पंचायत चुनावों में भाजपा की शहरी इकाई के अध्यक्ष संजय कुमार द्वारा वार्ड नंबर-7 से पार्टी समर्थित प्रत्याशी अनिल कुमार के विरुद्ध चुनाव लड़ने के निर्णय पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा संज्ञान लिया है। इस संबंध में भाजपा बड़सर के मंडल-अध्यक्ष संजीव शर्मा ने 12 मई को जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर को लिखित शिकायत प्रेषित की थी।
भोटा नगर पंचायत में बड़सर मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा द्वारा जिलाध्यक्ष को दी गई थी लिखित शिकायत



मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने त्वरित कार्रवाई हेतु प्रदेश नेतृत्व को पूरे प्रकरण से अवगत करवा दिया है। राकेश ठाकुर ने कहा कि संजय कुमार स्वयं भाजपा के शहरी इकाई अध्यक्ष हैं तथा उनकी पत्नी को नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 से पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है।





इसके बावजूद पार्टी समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ना गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है, जिस पर पार्टी द्वारा कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक अनुशासन और सामूहिक निर्णयों को सर्वोपरि मानती है तथा किसी भी स्तर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।


————————————————————-


भाजपा के विधायकों और पूर्व प्रत्याशियों की देखरेख एवं निर्देशनुसार ही होगा जिला परिषद चुनावों का प्रचार-प्रसार; चुनाव चिन्ह मिलने के बाद चुनाव प्रभारी व सह-प्रभारी किए जाएंगे नियुक्त: राकेश ठाकुर
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर ने जिला परिषद चुनावों के मद्देनज़र चुनाव प्रचार-प्रसार को पार्टी के विधायकों एवं पूर्व प्रत्याशियों की देखरेख और निर्देशनुसार संचालित करने का निर्णय लिया है।


जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्डों में संबंधित विधानसभा के विधायक अथवा पूर्व में पार्टी प्रत्याशी रहे वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके तहत भोरंज विधानसभा के धमरोल एवं जाहू जिला परिषद वार्डों के लिए कमलेश कुमारी, भोरंज विधानसभा के ही बधाणी एवं मेहल वार्डों के लिए डॉ. अनिल धीमान, सुजानपुर विधानसभा के सभी जिला परिषद वार्डों के लिए राजेंद्र राणा, हमीरपुर विधानसभा के तीनों जिला परिषद वार्डों के लिए विधायक आशीष शर्मा, बड़सर विधानसभा के चारों वार्डों के लिए विधायक इंद्रदत्त लखनपाल तथा नादौन विधानसभा के जिला परिषद वार्डों के लिए विजय अग्निहोत्री एवं आयुष प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. अशोक शर्मा को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

राकेश ठाकुर ने कहा कि संबंधित मंडलों के मंडल अध्यक्ष भी नेताओं के सहयोगी के तौर पर चुनाव प्रचार-प्रसार की कमान संभालेंगे और संगठनात्मक समन्वय सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव चिन्ह मिलने के उपरांत प्रत्याशियों की सहमति एवं आवश्यकतानुसार चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी भी नियुक्त किए जाएंगे।
इसके लिए जिला संगठन, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों को दायित्व सौंपे जा सकते हैं।




