श्रद्धेय आयुष महाजन की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन, 52 यूनिट रक्त एकत्रित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-  शिव मंदिर चकमोह में श्रद्धेय आयुष महाजन पुत्र राजेश महाजन की पावन स्मृति में उनके जन्मदिवस के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस सेवा कार्य में युवाओं, ग्रामीणों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

 

इस दौरान कुल 52 यूनिट रक्तदान किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री अभिलाष जी उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देते हैं।

 

पूरे कार्यक्रम के दौरान आयुष महाजन के परिवार की आंखें नम रहीं। उपस्थित सभी लोगों ने श्रद्धेय आयुष महाजन को श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा उनकी आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

 

गांव से विशेष उपस्थिति में पूर्व प्रधान पवन जी, राकेश मेहर जी तथा विपिन बिहारी जी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वहीं आयुष के मित्र शिव व संधू भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

 

इसके अतिरिक्त ABVP चकमोह इकाई के अध्यक्ष साहिल जी व उनकी पूरी टीम ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

कार्यक्रम के अंत में आयुष के पिता राजेश महाजन जी ने अपने छोटे भाई सोम दत्त जी का इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करवाने में विशेष योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

 

साथ ही उन्होंने हेल्प क्लब के अमित जी व उनके साथियों तथा युवा नेता आशीष ठाकुर का भी सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद किया।

 

कार्यक्रम के आयोजकों ने रक्तदाताओं, सहयोगियों तथा उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य सफल हो पाते हैं।
रक्तदान महादान — आपका एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है।

[post-views]