विकसित भारत का रास्ता विकसित हिमाचल से होकर गुजरता है: अनुराग सिंह ठाकुर

 चंडीगढ़/विवेकानंद वशिष्ठ:-  पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने चंडीगढ़ में वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन के प्रथम वार्षिक उत्सव “नियुंदर” में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता, लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज एवं राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार के साथ सहभागिता करते हुए संगठन को शुभकामनाएं दीं तथा हिमाचल और हिमाचली संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

हिमाचल के विकास के प्रति अटलजी की सोच को मोदी सरकार ने आगे बढ़ाया: अनुराग सिंह ठाकुर

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन विश्वभर में बसे हिमाचलियों को एक मंच पर लाने तथा हिमाचली साहित्य, सभ्यता और संस्कृति को आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल केवल जन्मभूमि नहीं, बल्कि संस्कार, परंपरा, पहचान और परिवार का प्रतीक है।

 

उन्होंने कहा कि हिमाचली विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास के रोडमैप पर भी गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए। विकसित भारत की परिकल्पना विकसित हिमाचल के बिना अधूरी है।

 

यदि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो हिमाचल को भी समान रूप से विकसित राज्य बनाना होगा। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे हिमाचली अपने-अपने क्षेत्र में भारत को समृद्ध और शक्तिशाली बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल एक पर्वतीय राज्य है और यहां विकास की प्राथमिकताएं अन्य राज्यों से अलग हैं। राज्य पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, इसलिए यहां विकास के साथ-साथ पर्यावरण और संस्कृति का संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस विषय को लेकर सदैव गंभीर रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमालयी राज्यों के लिए अलग नीति, योजना और विकास मॉडल की आवश्यकता पर बल दिया था।

 

उसी दिशा में कार्य करते हुए हिमालयी राज्यों को पहले की तुलना में अधिक वित्तीय सहायता और सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है।

 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पर्वतीय राज्यों के विकास को लेकर जो सोच थी, उसे मोदी सरकार ने आगे बढ़ाने का कार्य किया है।

 

[post-views]