7 जून के पूर्व कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियाँ जोरों पर — सुनील भवन (RTO) में संपन्न हुई बड़ी व्यवस्था बैठक

शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ :-  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), हिमाचल प्रदेश द्वारा दिनांक 7 जून को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित होने वाले पूर्व कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियाँ पूरे जोश और उत्साह के साथ चल रही हैं।

 

इसी क्रम में आज शिमला के सुनील भवन, आरटीओ (RTO) में एक महत्वपूर्ण एवं विशाल व्यवस्था बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के अनेक समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में सम्मेलन से जुड़ी समस्त व्यवस्थाओं की बिंदुवार एवं विस्तृत समीक्षा की गई। प्रत्येक व्यवस्था की जिम्मेदारी अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को सुनिश्चित रूप से सौंपी गई, ताकि सम्मेलन का प्रत्येक पहलू व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके।

 

सम्मेलन स्थल की सजावट, भव्य स्वागत व्यवस्था, प्रवेश पंजीकरण, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन, भोजन व जलपान, मंच संचालन, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सभी अनुषांगिक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। प्रत्येक समिति को उनके दायित्वों से भलीभाँति अवगत कराया गया और समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

बैठक में विशेष रूप से यह निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में पूरे शिमला शहर में सम्मेलन का व्यापक वातावरण निर्मित किया जाएगा।

 

इसके लिए विभिन्न प्रचार सामग्रियों — जैसे पोस्टर, बैनर, पर्चे — के वितरण के साथ-साथ सोशल मीडिया और लाइव व्यवस्थाओं का भी प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाएगा।

 

नगर के प्रमुख चौराहों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रचार-प्रसार की विशेष रणनीति तैयार की गई है, जिससे इस सम्मेलन की गूँज पूरे शिमला में सुनाई दे।

अभाविप, हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों ने बताया कि यह पूर्व कार्यकर्ता सम्मेलन संगठन के इतिहास में एक विशेष महत्व रखता है। प्रदेश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में पूर्व कार्यकर्ता इस सम्मेलन में सहभागी होंगे।

 

यह आयोजन न केवल संगठन की अपार शक्ति और एकजुटता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय, अनुभव साझाकरण और भावी कार्ययोजना को ठोस दिशा देने का भी एक सशक्त मंच सिद्ध होगा।

संगठन के पदाधिकारियों ने समस्त पूर्व कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे 7 जून को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय सभागार में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल और यादगार बनाएँ।

 

अभाविप का यह संकल्प है कि यह सम्मेलन हिमाचल प्रदेश में छात्र आंदोलन को एक नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगा।

 

[post-views]