



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- जिला परिषद ताल वार्ड में चुनावी माहौल दिन-प्रतिदिन गर्माता जा रहा है। इसी बीच कांग्रेस विचारधारा से जुड़े उम्मीदवार एवं ग्राम पंचायत पांडवी के वर्तमान उप प्रधान तथा हमीरपुर इंटक ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार ठाकुर उर्फ कालू लगातार जनसमर्थन हासिल करते हुए अपने विरोधियों पर बढ़त बनाते नजर आ रहे हैं।


सुनील कुमार कालू ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क अभियान तेज कर दिया है। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के बीच उन्हें अच्छा समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। क्षेत्र में चर्चा है कि उनकी सादगी, जनसेवा और लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका का लाभ उन्हें चुनाव में मिल रहा है।




राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा खेमे में टिकट वितरण और पंचायत चुनावों को लेकर अंदरूनी खींचतान का असर साफ दिखाई दे रहा है।







स्थानीय स्तर पर कई गुट सक्रिय होने से भाजपा समर्थकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्पष्ट कर चुके हैं कि कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोग स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ सकते हैं।



इसी का परिणाम माना जा रहा है कि सुनील कुमार कालू लगातार मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। प्रचार अभियान में उनके समर्थकों की बढ़ती संख्या और गांव-गांव मिल रहा समर्थन यह संकेत दे रहा है कि ताल वार्ड में मुकाबला दिलचस्प होने वाला है।



स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनील कुमार कालू लंबे समय से क्षेत्र की समस्याओं को उठाते रहे हैं और मजदूर, कामगार तथा आम जनता के मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। यही कारण है कि चुनावी माहौल में उन्हें जनता का भरपूर सहयोग मिलता नजर आ रहा है।




















