



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- जिला परिषद वार्ड नंबर 6 ताल से प्रत्याशी सुनील कुमार ठाकुर उर्फ कालू ने अपने चुनाव प्रचार अभियान को तेज करते हुए आज धरोग पंचायत के कैहडरू, गाहलियां तथा धरोग गांव का दौरा किया।

इस दौरान उन्हें क्षेत्र की जनता का भरपूर समर्थन और स्नेह प्राप्त हुआ। गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करते हुए सुनील कुमार कालू ने जनता से अपने चुनाव चिन्ह ताला-चाबी पर मोहर लगाकर उन्हें सफल बनाने की अपील की।



सुनील कुमार कालू पूर्व में ग्राम पंचायत पांडवी के उपप्रधान रह चुके हैं, जिसके चलते वे पंचायत स्तर की समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र को ऐसा जनप्रतिनिधि चाहिए जो आम जनता की समस्याओं को समझे और उनके समाधान के लिए निरंतर कार्य करे।






क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि भाजपा अपने ही समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर पैराशूट प्रत्याशियों को आगे बढ़ाने में लगी हुई है, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।


वहीं दूसरी ओर हमीरपुर ब्लॉक इंटक अध्यक्ष सुनील कुमार कालू लगातार जनता के बीच रहकर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। एक साधारण परिवार से संबंध रखने वाले सुनील कुमार कालू लगातार मेहनत और जनसंपर्क के बल पर लोगों का विश्वास जीत रहे हैं।



इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता कैप्टन प्रकाश चंद, सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर फिशरीज एवं गसोता महादेव मंदिर कमेटी के प्रधान प्रकाश चंद पटियाल, ब्लॉक यूथ कांग्रेस हमीरपुर के अध्यक्ष दिवस ठाकुर, जयदेव दीवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने घर-घर जाकर लोगों से सुनील कुमार कालू के पक्ष में मतदान करने की अपील की।




















