



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का अवसर है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित “विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और नवाचार का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

विद्यालय की 10 प्रतिभागी टीमों में से एक टीम का चयन देशभर की श्रेष्ठ प्रविष्टियों में प्रतिष्ठित नकद पुरस्कार श्रेणी के लिए किया गया।विद्यालय के होनहार विद्यार्थियों में (मोहम्मद रिजवान, कक्षा 10A), (प्रीशा ठाकुर, कक्षा 10B)ने अपने अभिनव प्रोजेक्ट “सड़क दुर्घटना रोकथाम हेतु स्मार्ट चश्मा” के माध्यम से यह सफलता प्राप्त की।



यह परियोजना वाहन चालक की नींद और थकान का समय रहते पता लगाकर दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक है। परियोजना को उसकी उपयोगिता, रचनात्मकता और सामाजिक प्रभाव के लिए विशेष सराहना मिली।






दोनों विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि और नवाचारी सोच के लिए ₹25,000-₹25,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।


इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्या नैना लखनपाल तथा विद्यालय हेड मास्टर कंचन लखनपाल ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं मार्गदर्शक अध्यापक विवेक ठाकुर को इस उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और विद्यालय द्वारा प्रदान किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन का परिणाम है।























