



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- गुब्बर क्षेत्र के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि डी० ए० वी० गुब्बर विद्यालय आज औपचारिक रूप से डी० ए० वी० मैनेजमेंट, नई दिल्ली के अंतर्गत हस्तांतरित कर दिया गया है।

यह महत्वपूर्ण उपलब्धि स्थानीय डी० ए० वी० स्कूल गुब्बर कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर तथा डी० ए० वी० एच. पी. जोन – सी के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी कुलदीप सिंह गुलेरिया एवं डी० ए० वी० विद्यालय हमीरपुर के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह ठाकुर के अथक प्रयासों और मेहनत का परिणाम है।



उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में भी इस प्रक्रिया को अमल में लाने का प्रयास किया गया था, किंतु कुछ प्रशासनिक एवं तकनीकी कारणों से यह पूर्ण रूप से लागू नहीं हो पाया था। अब सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद विद्यालय को सफलतापूर्वक डी ए वी मैनेजमेंट, नई दिल्ली के अंतर्गत शामिल कर लिया गया है।






विद्यालय के डी० ए० वी० मैनेजमेंट के अधीन आने से गुब्बर सहित आसपास के क्षेत्रों जैसे ऊहल, ककड़, बजरोल, गवारडू, ग्वालती, लुगालती तथा अन्य निकटवर्ती क्षेत्रों में खुशी और उत्साह का माहौल है।


स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों का मानना है कि इससे क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा मिलेगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं एवं अवसर प्राप्त होंगे।



क्षेत्रवासियों ने इस उपलब्धि के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं स्थानीय डी० ए० वी० स्कूल गुब्बर की समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।




















