



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) द्वारा वर्ष 2026 का सर्वोच्च सम्मान “FAO Agricola Medal” दिए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे भारत, भारतीय किसानों और देश की कृषि शक्ति का वैश्विक सम्मान बताया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि रोम स्थित FAO मुख्यालय में प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान मिलना हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा देश के अन्नदाता को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई हैं और आज उसी किसान-हितैषी सोच को पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है।



उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती, सूक्ष्म सिंचाई और डिजिटल कृषि मिशन जैसी योजनाओं ने भारतीय कृषि को नई दिशा दी है।






किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाने से लेकर जलवायु अनुकूल फसलों के विकास तक, भारत ने कृषि क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है।


अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री मोदी का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और खेतों में मेहनत करने वाले हर व्यक्ति का सम्मान है। आज भारत केवल अपने नागरिकों की खाद्य जरूरतें पूरी नहीं कर रहा, बल्कि वैश्विक खाद्य सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के सामने समावेशी विकास, टिकाऊ कृषि और आत्मनिर्भर खेती का एक मजबूत मॉडल प्रस्तुत किया है। FAO का यह सम्मान भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।




















