



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भाजपा मंडल बड़सर के अध्यक्ष संजीव शर्मा, महामंत्री अश्वनी बन्याल तथा मीडिया प्रभारी यशपाल शर्मा ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी करते हुए कहा कि भोटा नगर पंचायत चुनावों के परिणाम आने के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा किए जा रहे दावे राजनीतिक अवसरवादिता का जीता-जागता उदाहरण हैं।

भोटा नगर पंचायत व्यापार मंडल के बैनर तले लड़ी गई थी, कांग्रेस की जीत बताना जनता को गुमराह करने का प्रयास




जिस कांग्रेस ने चुनाव के समय स्वयं को मैदान से बाहर रखा, आज वही चुनाव परिणामों पर अपना दावा ठोंकने का प्रयास कर रही है।







भाजपा नेताओं ने कहा कि भोटा नगर पंचायत चुनावों के दौरान कांग्रेस पार्टी ने न तो अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा की और न ही चुनाव को पार्टी के चुनाव के रूप में लड़ा।



कांग्रेस के नेताओं द्वारा सार्वजनिक मंचों और मीडिया के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया था कि पार्टी नगर पंचायत चुनाव नहीं लड़ रही है। यही कारण था कि चुनाव पूरी तरह भोटा व्यापार मंडल के बैनर, नेतृत्व और समर्थन से लड़ा गया।



उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जनता से वोट मांगने वाले उम्मीदवार व्यापार मंडल के प्रत्याशी के रूप में घर-घर पहुंचे। कांग्रेस का न कोई अधिकृत पैनल था, न कोई घोषित रणनीति और न ही कोई संगठित चुनावी अभियान। लेकिन आज जब जनता का फैसला सामने आ चुका है तो कांग्रेस उन उम्मीदवारों की जीत का श्रेय लेने की होड़ में लग गई है, जिन्हें चुनाव के समय उसने अपना उम्मीदवार तक नहीं माना था।


भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सब देखती और समझती है। चुनाव के समय मैदान से गायब रहने वाली कांग्रेस आज केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत कर रही है। यदि कांग्रेस वास्तव में इस चुनाव को अपनी राजनीतिक लड़ाई मानती तो उसे चुनाव से पहले अपने अधिकृत उम्मीदवार घोषित करने चाहिए थे और कांग्रेस के नाम पर जनता से वोट मांगने चाहिए थे।
उन्होंने कहा कि भोटा व्यापार मंडल के मंच से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में विभिन्न सामाजिक और वैचारिक पृष्ठभूमि के लोग शामिल थे। कुछ व्यक्तियों के व्यक्तिगत राजनीतिक संबंध किसी भी दल से हो सकते हैं, लेकिन इससे यह तथ्य नहीं बदलता कि चुनाव कांग्रेस के बैनर तले नहीं बल्कि व्यापार मंडल के बैनर तले लड़ा गया था।
संजीव शर्मा, अश्वनी बन्याल और यशपाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस आज जिस जनादेश को अपनी जीत बताने का प्रयास कर रही है, वह वास्तव में भोटा व्यापार मंडल के नेतृत्व में लड़े गए चुनाव का परिणाम है। इसलिए नगर पंचायत में गठित होने वाली समिति को कांग्रेस समर्थित समिति बताना वास्तविकता के विपरीत और जनता को भ्रमित करने वाला है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस को जनादेश का सम्मान करना चाहिए और झूठे राजनीतिक श्रेय लेने के बजाय सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए। भोटा की जागरूक जनता जानती है कि चुनाव किसने लड़ा, किसने नेतृत्व किया और किसने जनता का विश्वास प्राप्त किया। चुनाव परिणाम आने के बाद इतिहास बदलने का प्रयास कभी सफल नहीं होगा।

अंत में भाजपा नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और जनादेश के सम्मान में विश्वास रखती है तथा जनता के सामने तथ्यों को रखने का अपना दायित्व निभाती रहेगी।

















