



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कांग्रेस नेता नीरज भारती द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है।

राणा ने कहा कि भाजपा लंबे समय से प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगाती रही है, लेकिन अब कांग्रेस के अपने ही नेता सरकार और मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।



राणा ने कहा कि नीरज भारती का यह आरोप कि मुख्यमंत्री की कुर्सी हर महीने करोड़ों रुपये की कथित “पांच अटैचियों” के सहारे बची हुई है, बेहद गंभीर मामला है।






उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता इस प्रकार के आरोप सार्वजनिक रूप से लगा रहे हैं तो कांग्रेस हाईकमान और प्रदेश सरकार को जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।


उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार का ध्यान जनहित के बजाय सत्ता बचाने और राजनीतिक प्रबंधन पर केंद्रित दिखाई देता है।



राणा ने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि आखिर कांग्रेस के भीतर ऐसी स्थिति क्यों पैदा हुई कि पार्टी के नेताओं को अपनी ही सरकार के खिलाफ खुलकर बोलना पड़ रहा है।


राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री द्वारा नीरज भारती को लेकर की गई टिप्पणी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में सवालों का जवाब तथ्यों और तर्कों से दिया जाना चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों से। उन्होंने कहा कि यदि किसी नेता ने गंभीर आरोप लगाए हैं तो सरकार को उनका जवाब देना चाहिए।
राणा ने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर चल रहा टकराव और नेताओं के एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप यह दर्शाते हैं कि सरकार के प्रति असंतोष पार्टी के अंदर ही गहराता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता भी समझ चुकी है कि कांग्रेस के भीतर लगातार विवाद और बगावत जैसी परिस्थितियां क्यों पैदा हुईं।
भाजपा नेता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है तथा मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेतृत्व को इन आरोपों पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।


















