



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के सहयोग व मार्गदर्शन में संचालित ‘प्रयास’ संस्था द्वारा सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की गई है।

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में संस्था ने पहुँचाई मदद; परिजनों ने जताया आभार




संस्था ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ी के एक जरूरतमंद परिवार को तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध करवाई है।






मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत दाड़ी के निवासी सुरेन्द्र कुमार की माताजी पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से सांस की बीमारी से पीड़ित हैं।


परिवार को इस मुश्किल समय में चिकित्सा सहायता की सख्त जरूरत थी। जैसे ही यह मामला प्रयास संस्था के ध्यान में आया, संस्था ने त्वरित कदम उठाते हुए पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया।



संस्था के पदाधिकारियों द्वारा अवाहदेवी कार्यालय में सुरेन्द्र कुमार को उनकी माताजी के स्वास्थ्य लाभ के लिए एक अत्याधुनिक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर निशुल्क प्रदान किया गया।


ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सौंपने के दौरान प्रयास संस्था के सदस्यों ने पीड़ित महिला के हौसले की सराहना की तथा ईश्वर से उनके जल्द से जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
संस्था के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया की अगर किसी मरीज को इन उपकरणों की जरूरत हो तो डॉक्टर की पर्ची दिखा कर व अन्य जरूरी कागज दिखा कर प्रयास संस्था के अवाहदेवी स्थित कार्यालय मे संपर्क करके प्राप्त कर सकते है ।
परिजनों ने व्यक्त किया धन्यवाद:
इस संकट की घड़ी में समय पर मिली इस बड़ी सहायता के लिए सुरेन्द्र कुमार और उनके परिवार ने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर तथा प्रयास संस्था का सहदिल से धन्यवाद और आभार प्रकट किया है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी संस्था के इस पुनीत कार्य की सराहना की है।


















