भोरंज के चयनित आंगनवाड़ी केंद्रों में लगेंगे समर कैंप

भोरंज/हमीरपुर:-  आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के नामांकन एवं नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देने तथा उन्हें विद्यालय में प्रवेश के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग तथा ‘प्रथम’ एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के चयनित 6400 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में समर कैंप 2026 ‘कमाल की तैयारी’ का आयोजन किया जा रहा है। भोरंज खंड में भी यह अभियान शुरू किया जा रहा है।

बच्चों के नामांकन एवं नियमित उपस्थिति को दिया जाएगा बढ़ावा

इसी कड़ी में, मंगलवार को भोरंज के 40 आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाल विकास जिला परियोजना अधिकारी सुनील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं को समझाई इस अभियान की बारीकियां

प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की जिला समन्वयक रेणुका शर्मा और अन्य अधिकारी रमेश धीमान ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को इस अभियान की बारीकियों से अवगत करवाया तथा बच्चों के विकास के क्षेत्र एवं उनकी तैयारी से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन कर इनकी उपयोगिता समझाई।

 

उन्होंने बताया कि बाल विकास परियोजना भोरंज के चयनित आंगनवाड़ी केंद्रों में 13 से 16 जून के बीच में समर मेले आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में 3 से 6 साल के लगभग 80,000 बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न आंगनवाड़ी वृत्तों के पर्यवेक्षक अभिषेक ठाकुर, सरोजां देवी, अंजना शर्मा और सुनील नड्डा ने भी भाग लिया।

 

 

[post-views]