



भोरंज/हमीरपुर:- भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस महासंघ (इंटक फेडरेशन) ने समाजसेवी एवं श्रमिक हितों की आवाज बुलंद करने वाले भगमल गुलेरिया को हिमाचल प्रदेश का स्टेट कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामीनाथ जायसवाल द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार उन्हें तत्काल प्रभाव से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र में खुशी की लहर है तथा विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।



जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि भगमल गुलेरिया की संगठन के प्रति निष्ठा, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और श्रमिक वर्ग के हितों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।






संगठन को विश्वास है कि उनके अनुभव और कार्यशैली से हिमाचल प्रदेश में इंटक फेडरेशन को नई मजबूती मिलेगी तथा संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त होगा।
स्टेट कोऑर्डिनेटर के रूप में भगमल गुलेरिया पूरे प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों का समन्वय करेंगे।


उनकी जिम्मेदारियों में जिला एवं स्थानीय इकाइयों को मजबूत करना, सदस्यता अभियान चलाना, संगठन का विस्तार करना, राज्य एवं राष्ट्रीय नेतृत्व की नीतियों एवं कार्यक्रमों को लागू करवाना, बैठकों एवं जनजागरूकता अभियानों का संचालन करना तथा संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना शामिल रहेगा।



भगमल गुलेरिया लंबे समय से सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने क्षेत्र में मजदूरों, कर्मचारियों तथा आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उनकी सक्रियता और जनसेवा को देखते हुए संगठन ने उन पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।


नियुक्ति के बाद भगमल गुलेरिया ने भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस महासंघ (इंटक फेडरेशन) के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामीनाथ जायसवाल, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, इंटक हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष विक्रम ठाकुर, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व तथा संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे और प्रदेश में मजदूरों, कर्मचारियों तथा आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इंटक फेडरेशन को और अधिक मजबूत बनाने, संगठन का विस्तार करने तथा श्रमिकों की आवाज को सरकार और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि भगमल गुलेरिया के नेतृत्व में इंटक फेडरेशन प्रदेश में और अधिक सशक्त होगा तथा श्रमिक वर्ग के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगा।


















