



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा देशभर में चलाए जा रहे विरोध-प्रदर्शनों के तहत आज विधानसभा हमीरपुर में जिला युवा कांग्रेस हमीरपुर के अध्यक्ष अशोक संधू, प्रदेश प्रभारी ज्योतिष जी, प्रदेश उपाध्यक्ष अब्दुल खालिक जी एवं तुषार स्तान जी के नेतृत्व में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि नीट जैसी देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में से एक में पेपर लीक होना न केवल लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।



इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस हमीरपुर के अध्यक्ष अशोक संधू ने कहा कि केंद्र सरकार इस पूरे मामले में जवाबदेही तय करने में पूरी तरह विफल रही है।






उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही पेपर लीक प्रकरण में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।


अशोक संधू ने कहा कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।



उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तो भारतीय युवा कांग्रेस का आंदोलन और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप धारण करेगा।


युवा कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की बहाली तथा परीक्षा प्रणाली में विश्वास कायम रखने के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
“युवा कांग्रेस छात्रों के अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।


















