



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- एनएसयूआई हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष टोनी ठाकुर ने आज हमीरपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस को संबोधित करते हुए अमेरिकी हमले में मारे गए हमीरपुर एवं देश के अन्य युवाओं के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है तथा इससे प्रभावित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

टोनी ठाकुर ने कहा कि विदेशों में रह रहे भारतीय युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। ऐसे में इस दुखद घटना को लेकर केंद्र सरकार को देश के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए तथा यह बताना चाहिए कि प्रभावित भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए थे।



उन्होंने कहा कि हमीरपुर के युवा सहित देश के जिन युवाओं ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। केंद्र एवं राज्य सरकारों को प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, आर्थिक सहायता तथा अन्य आवश्यक सहयोग के लिए विशेष कदम उठाने चाहिए।






टोनी ठाकुर ने कहा कि आज देश का युवा बेहतर शिक्षा, रोजगार और भविष्य की तलाश में विभिन्न देशों में जा रहा है। ऐसे में विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।


उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले पर केंद्र सरकार विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करे तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कूटनीतिक प्रयास किए जाएं।



प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान दिवंगत युवाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की गईं।




















