



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भोरंज विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा कमलेश कुमारी ने आज भोरंज क्षेत्र के बूथ नंबर 91 (भकेड़ा) और बूथ नंबर 86 (जमली) में ’12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत शिरकत की।


इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता के साथ मिलकर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की।




इस विशेष अभियान के अंतर्गत कमलेश कुमारी ने भकेड़ा और जमली बूथों पर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ मुहिम के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया।






इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा वृक्ष हमारे जीवन का असली आधार हैं। आज ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में प्रकृति का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।


‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल एक सरकारी या राजनैतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह अपनी धरती माता और अपनी जन्म देने वाली माँ के प्रति श्रद्धा व कृतज्ञता प्रकट करने का एक पवित्र जरिया है।



कमलेश कुमारी ने कहा जिस तरह एक माँ निःस्वार्थ भाव से अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी तरह प्रकृति भी हमें जीवनदायिनी हवा, जल और आश्रय देती है। आज लगाया गया एक छोटा सा पौधा कल को एक विशाल वृक्ष बनकर हमारी आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा और सुरक्षित भविष्य देगा। मेरा भोरंज विधानसभा क्षेत्र के हर नागरिक से आह्वान है कि वे इस अभियान से जुड़ें, न केवल पौधे लगाएं, बल्कि एक माँ की तरह ही उन पौधों की परवरिश और सुरक्षा का संकल्प भी लें। हरा-भरा और समृद्ध भोरंज ही हमारी असल पूंजी है।”


PMGSY के तहत निर्मित ‘पट्टा आवाह देवी रोड’ पर निकाली ‘प्रगति पथ यात्रा’; ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने का संकल्प हुआ पूरा
पौधारोपण के उपरांत, क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के उद्देश्य से बुम्बलू के घाट पर एक विशेष प्रगति पथ यात्रा’ (पदयात्रा) का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत नवनिर्मित पट्टा आवाह देवी रोड पर निकाली गई, जिसमें स्थानीय जनता ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
जनता को संबोधित करते हुए कमलेश कुमारी ने गर्व के साथ कहा, “यह सिर्फ डामर और पत्थरों से बनी एक सड़क नहीं है, बल्कि यह इस समूचे क्षेत्र के विकास, सुगम कनेक्टिविटी और खुशहाली का नया मार्ग है।
बीते 12 वर्षों में भाजपा की नीतियों के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और आम जनमानस का जीवन आसान बनाने का जो संकल्प लिया गया था, वह आज धरातल पर सच होता दिख रहा है।”

कमलेश कुमारी ने पुरानी यादों और प्रयासों को साझा करते हुए बताया कि पट्टा आवाह देवी सड़क का निर्माण, जो आज प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शानदार ढंग से पूरा हो रहा है, यह भाजपा के समय की प्राथमिकताएं हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से किए जा रहे प्रयास आज सफल हुए हैं और जनता को समर्पित यह मार्ग क्षेत्र की आर्थिकी और सुगमता को नए पंख लगाएगा।
इस गरिमामयी कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा मंडल महामंत्री अजय शर्मा, बूथ अध्यक्ष अजीत सिंह, भकेड़ा ग्राम पंचायत की प्रधान पूजा देवी, उप प्रधान कैप्टन रंजीत सिंह, पूर्व प्रधान करण वीर सिंह, पूर्व उप प्रधान सुरिंदर, सुशीला, वीना देवी, कैप्टन मदन, पूर्व प्रधान माया देवी, बूथ अध्यक्ष प्रकाश जी, किसान मोर्चा अध्यक्ष सुरेंद्र पाल धीमान और सूबेदार संजय, विनोद कुमार सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी, और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यालय: कमलेश कुमारी (पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा, भोरंज)

















