100% दिव्यांग राजन कुमार को राष्ट्रीय स्तर के ‘सृजन सारथी सम्मान’ से नवाजा गया

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भगेटू के गांव भगेटू निवासी 100% दिव्यांग समाजसेवी एवं प्रेरणास्रोत राजन कुमार ने वर्ष 2026 में एक बार फिर अपनी प्रतिभा, संघर्ष और सामाजिक योगदान के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाते हुए मिसाल कायम की है। राजन कुमार को शिमला में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रीय स्तर के ‘सृजन सारथी सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था साहित्यिक सृजन कुटुंभ द्वारा शिमला स्थित रोटरी क्लब हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया। इस गरिमामयी समारोह में हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, मथुरा तथा हैदराबाद सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से साहित्य, समाज सेवा एवं संस्कृति जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं।

सम्मान प्राप्त करने के उपरांत राजन कुमार ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि समस्त दिव्यांग समाज का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें समाज सेवा, जनहित एवं सकारात्मक कार्यों के लिए और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

 

 

उन्होंने इस सम्मान के लिए अपने शुभचिंतकों, मित्रों तथा समाज के सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग और आशीर्वाद से उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी राजन कुमार को समाज सेवा, दिव्यांग अधिकारों एवं जनहित कार्यों के क्षेत्र में प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर पर अनेक सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उनका संघर्ष एवं समाज के प्रति समर्पण युवाओं तथा दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

इस अवसर पर राजन कुमार ने कार्यक्रम की राष्ट्रीय सह-अध्यक्षा डॉ. संतोष संप्रीति तथा आयोजन समिति से जुड़े पवन शर्मा का सफल आयोजन एवं सम्मान के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।

राजन कुमार ने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने सकारात्मक प्रयासों से समाज में बदलाव लाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए एक नई जिम्मेदारी है, जिसे वे सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।

[post-views]