



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- चेयरमैन पद के लिए कांग्रेस समर्थित अमरोह वार्ड की पूनम कुमारी और भाजपा समर्थित बधानी वार्ड की अमीषा के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतदान में पूनम कुमारी को 14 वोट मिले, जबकि अमीषा के पक्ष में 8 मत पड़े। इस तरह पूनम कुमारी ने छह मतों के अंतर से जीत दर्ज कर भोरंज बीडीसी के चेयरमैन पद पर कब्जा जमाया।

वाइस चेयरमैन पद पर भाजपा समर्थित कुलदीप कुमार ‘विक्की’ ने पर्ची से दर्ज की जीत




वहीं वाइस चेयरमैन पद के लिए भाजपा समर्थित धमरोल वार्ड के कुलदीप कुमार उर्फ विक्की तथा कांग्रेस समर्थित लगमनवी वार्ड के प्रवीण कुमार मैदान में थे। मतदान के बाद दोनों उम्मीदवारों को 11-11 वोट मिले, जिससे मुकाबला बराबरी पर छूट गया।







इसके बाद नियमानुसार पर्ची के माध्यम से विजेता का फैसला किया गया। पर्ची में कुलदीप कुमार उर्फ विक्की का नाम निकलने पर उन्हें विजयी घोषित किया गया।



चुनाव परिणामों में क्रॉस वोटिंग भी अहम भूमिका में रही। चेयरमैन पद पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को अपेक्षा से अधिक समर्थन मिला, जबकि वाइस चेयरमैन पद के चुनाव में बदले राजनीतिक समीकरणों के चलते भाजपा समर्थित उम्मीदवार मुकाबले में बने रहे।




राजनीतिक गलियारों में दिनभर इस बात की चर्चा रही कि क्रॉस वोटिंग ने भाजपा की लाज बचाने का काम किया, अन्यथा दोनों शीर्ष पद कांग्रेस के खाते में जा सकते थे।




















